Sonbhadra News: तीन तलाक देने, मारपीट कर घर से बाहर निकालने, दूसरी शादी रचाने के मामले में पीड़िता ने शौहर-सास सहित आठ के खिलाफ महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसपी के निर्देश पर महिला थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रकरण में दहेज उत्पीड़न, क्रूरता, मारपीट, और मुस्लिम महिला विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम 2019 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एनीपीसीसी काॅलोनी अनपरा थाना अनपरा की रहने वाली पीड़िता ने गत 12 नवंबर को एसपी से मुलाकात की थी। शिकायती पत्र सौंप कहा था कि 14 जुलाई 2022 को उसकी शादी अनपरा निवासी फैसल अहमद से हुई थी। उसे ढाई वर्ष का एक बेटा है। उसकी विधवा मां बलिया में दरगाह पर चादर आदि बेचने का कार्य करती थी।
उन्होंने उसकी शादी के लिए अपनी जीवन भर की जमा पूंजी खर्च कर दी। ससुराल पक्ष को 3.50 लाख नकद, कुछ गहने व अन्य उपहार दिए। बावजूद कम दहेज मिलने की बात कहते हुए पति फैसल, सास सलमा बेगम, जेठ अफजल अहमद, ननद रूबीना, सकीना, सबीना, सिमरन उसे प्रताड़ित करने लगे।