म्योरपुर के खैराही में सीता के अंतिम संस्कार में शामिल लोग
क्षेत्र के किरवानी गांव स्थित जंगल में सोमवार को सफेद मिट्टी निकालते समय हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो महिलाएं घायल हुई थीं। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को तीनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। खैराही और किरवानी गांव में सन्नाटा पसरा रहा। घरों में चूल्हे नहीं जले और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। खैराही गांव निवासी सीता की मौत ने हर किसी को भावुक कर दिया। उसके पति देवबरन गोंड अहमदाबाद से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में होने के कारण वे अंतिम समय में पहुंच नहीं सके। पति की गैर मौजूदगी में सीता का अंतिम संस्कार उसके ससुर शुभलाल ने किया।
अंतिम विदाई के दौरान गांव वालों की आंखें नम रहीं। वहीं किरवानी की अनीशा खातून के शव को गांव के कब्रिस्तान में दफनाया गया। उसका पति अलीगढ़ से रात करीब दो बजे गांव पहुंचा। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इसके अलावा बड़होर गांव की महिला का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया गया।