म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ पर रनटोला गांव में बुधवार की शाम चार साल से घर छोड़ कर रह रही पत्नी को देख पति का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्साए युवक ने पत्नी को पीटने के साथ चाकू से नाक काटने की कोशिश की। यह देख ग्रामीणों ने युवक की पिटाई करते हुए उसके चंगुल से घायल महिला को मुक्त कराया। उधर घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरंगपानी काशीकुंड निवासी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीणों की मानें तो खैराही निवासी महिला की शादी चार साल पहले हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं लेकिन पति-पत्नी में अनबन की वजह से पत्नी बच्चों समेत अलग रहती है। बुधवार की शाम युवक बाइक से कहीं जा रहा था। इसी बीच आश्रम मोड़ पर पत्नी दिख गई। वहीं बाइक रोककर उसने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। जब तक लोग कुछ समझते उसने चाकू से नाक काटने का प्रयास किया। एसओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता का उपचार कराकर घर भेज दिया गया।