बभनी सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार कराने के लिए कतार में लगे मरीज
- फोटो : SONBHADRA
बभनी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में ओपीडी सेवा शुरू होने से मरीजों को राहत तो मिली है लेकिन चिकित्सकों की कमी के चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डाक्टर को दिखाने के लिए उन्हें घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ता है। यहां सात चिकित्सकों के पद हैं लेकिन महज तीन डाक्टर ही तैनात हैं। चिकित्सा अधीक्षक का पद भी रिक्त चल रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लेने के लिए शनिवार की सुबह साढ़े नौ बजे अमर उजाला टीम पहुंची। इस दौरान ओपीडी में डॉ. हेमलता और डॉ. दीक्षा गुप्ता मरीजों का उपचार करतीं मिलीं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मरीज अपनी बारी का भी इंतजार करते नजर आए। ओपीडी के अलावा इमरजेंसी की भी जिम्मेदारी डॉ. दीक्षा गुप्ता संभाल रही हैं। पंजीकरण कक्ष में वार्ड ब्वाय पारस नाथ मरीजों का पंजीकरण करते मिले। औषधि वितरण कक्ष में फार्मासिस्ट नवल किशोर यादव मरीजों को दवा वितरण कर रहे थे। तीस बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में सात चिकित्सकों की आवश्यकता है, जिसके सापेक्ष में यहां तीन चिकित्सक ही तैनात हैं। वर्तमान में अधीक्षक का पद भी खाली है। पूर्व में यहां तैनात रहे अधीक्षक का स्थानांतरण सीएचसी दुद्धी में हो गया है। फार्मासिस्ट के चार पद हैं लेकिन दो ही तैनात हैं। यही हाल स्टाफ नर्सों की है। पांच स्टाफ नर्स के सापेक्ष सिर्फ एक स्टाफ नर्स है। सीएचसी में मलेरिया, बलगम, एचआईवी, हीमोग्लोबिन जांच की व्यवस्था है लेकिन एक्सरे का इंतजाम नहीं है।
कोट
चिकित्सक समेत अन्य कर्मियों की कमी से होने वाली समस्याओं से सीएमओ को अवगत कराया गया है। रिक्त पदों पर चिकित्सकों व कर्मियों की तैनाती की मांग की गई है। वर्तमान में जो संसाधन उपलब्ध हैं, उसी में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।-डॉ. गिरधारी लाल, प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक