राबट्सगंज रोडवेज बस स्टैंड में क्षेत्रीय प्रबंधक को ज्ञापन सौपते उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिक
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रतिनिधि सोमवार को रोडवेज के एआरएम विश्राम सिंह से मिले। उन्होंने मिर्जापुर रूट की बसों का संचालन डिपो के बाहर से करने पर नाराजगी जताई। कहा कि साढ़े तीन करोड़ से सभी सुविधाओं से युक्त डिपो बना है कि तो फ्लाईओवर के नीचे से बसें क्यों चलाई जा रही हैं। उन्होंने एआरएम को ज्ञापन भी सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने बताया कि मिर्जापुर डिपो की बसें फ्लाईओवर के नीचे खड़ी होती हैं, जिससे जाम लगता है। एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। पास में स्थित पीएनबी की मुख्य शाखा के बाहर भीड़ रहने से चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें देने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। जब इस संदर्भ में एआरएम मिर्जापुर से फोन पर बात की गई तो उन्होंने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि यह सोनभद्र डिपो का विषय है। बसों की इन-आउट सूची पूछने पर भी समुचित जवाब नहीं मिला।
जिला महामंत्री प्रीतपाल सिंह ने कहा कि रात्रि में डिपो गेट बंद कर दिया जाता है, जिससे यात्री अंदर बैठकर इंतजार भी नहीं कर पाते। महिलाओं और बच्चियों को सड़क पर खड़े रहना पड़ता है। जनरथ एसी सहित कई बसें डिपो में प्रवेश ही नहीं करतीं, बल्कि फ्लाईओवर से सीधे निकल जाती हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने यह भी कहा कि रात में आने वाली बसें शहर के भीतर नहीं आतीं, यात्रियों को बाहर ही उतार देती हैं। देर रात साधन न मिलने से यात्री घंटों परेशान रहते हैं। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने कहा कि गेट बंद होने से यात्रियों को शौचालय और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलतीं। प्रतिनिधिमंडल में जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल, गुरप्रीत सिंह सोखी, अमित वर्मा, पुनीत जैन, नगर संयोजक अमित अग्रवाल आदि शामिल रहे।