विकास भवन के सामने धरने पर बैठे भारत पुनरोत्थान अभियान के कार्यकर्ता।
जिले में लोहिया और इंदिरा आवास के आवंटन में धांधली के विरुद्ध बुधवार को भारत पुनरोत्थान अभियान (आईआरआई) कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट स्थित विकास भवन कार्यालय के समक्ष क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
आईआरआई के जिला समन्वयक डॉ. अमरनाथ देव पांडेय ने कहा कि लाभार्थियों के चयन में सरकार की गाइड लाइन का उल्लंघन किया गया है। पूर्व में आवंटित आवास भी पूर्ण नहीं किए गए हैं। इतना ही नहीं बहुत से आवासों की अभी तक बुनियाद तक नहीं पड़ी है। कार्यालय समन्वयक बबुंदर प्रसाद विश्वकर्मा ने कहा कि घोरावल ब्लॉक के ग्राम पंचायत जड़ेरूआ, मूर्तियां, उचकापाई और राबर्ट्सगंज ब्लॉक के सुकृत, नगवां ब्लॉक के पनिकप तथा चोपन ब्लॉक के रामगढ़ में इस तरह की अनियमितता की गई है।
कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक उन लोगों का अनशन जारी रहेगा। अनशन पर बैठने वालों में भाईलाल, जोगिंदर, जितेंद्र कुमार, राजनारायण, रामसिंह पटेल, गीता, सुरेंद्र, अनिल, यशवंत आदि शामिल रहे।