बभनी। ग्राम पंचायत बभनी के घसिया टोला में बगैर पंजीकरण के संचालित हो रहे अस्पताल पर शुक्रवार को बभनी अधीक्षक ने ताला लगा दिया। फर्जी ढंग से संचालित अस्पताल पर कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई अधीक्षक ने एक आदिवासी की मौत के बाद की है।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को घसिया टोला निवासी बंशी 50 पुत्र जैन घसिया की मौत अस्पताल में उपचार के बाद हो गई। मामले की शिकायत भाजपा मंडल मंत्री सुधीर पांडेय ने अधीक्षक से की थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अस्पताल की पड़ताल करने पहुंचा। जहां अस्पताल के कर्मचारियों ने अस्पताल के कागजात व पंजीकरण नहीं दिखा सके, न ही अस्पताल में कोई चिकित्सक मिला। अस्पताल में आपरेशन थ्रियेटर से लेकर अन्य वार्ड बनाए गए हैं। बताया जा रहा कि अस्पताल बगैर पंजीकरण के छह माह से संचालित हो रहा है। शुक्रवार को शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी के अधीक्षक डा. अंकित कुमार सिंह ने अस्पताल पर ताला जड़ दिया। अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल के कागजात नहीं देने पर अस्पताल पर ताला लगा दिया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।