जनपद में रविवार की रात 1478 जगहों पर होलिका दहन की गई। होली पर संदिग्ध स्थानों पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात की गई है। होली के मद्देनजर एक कंपनी बीएसएफ व तीन कंपनी पीएसी रिजर्व है।
नक्सल प्रभावित सोनभद्र जिले में होली पर्व को दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी की गई है। राबर्ट्सगंज, दुद्धी, घोरावल, शाहगंज, बभनी में सादे पोशाक में पांच-पांच पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश शुक्ला ने कहा कि होली पर्व को देखते हुए जिले में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। चुर्क पुलिस लाइन में एक कंपनी बीएसएफ व तीन कंपनी पीएसी रिजर्व रखी गई है।
थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देते रहेंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी सीओ, थाना/चौकी इंचार्जों को होली में खलल डालने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। कहा कि एएसपी सीपी शुक्ला और डॉ. अवधेश सिंह क्षेत्र में भ्रमण कर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी की जांच करते रहेंगे।
उधर, होली के पर्व के मद्देनजर राबर्ट्सगंज ब्लॉक के मुसही गांव में शनिवार चुर्क जिला पंचायत सदस्य मनोज सोनकर ने गरीब बच्चों को पिचकारी आदि वितरित किया। शहर और गांवों में जगह-जगह महिलाओं ने होलिका का भी पूजन-अर्चन किया। ओबरा संवाददाता के अनुसार ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष दुर्गावती देवी के आवास पर होली की पूर्व संध्या पर परस्पर प्रेम और भाईचारे का पर्व होली धूमधाम से रविवार को मनाया गया। इस अवसर पर राजेश, सुनील, प्रदीप, दीपक, कलीम खान आदि मौजूद रहे।
अनपरा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के अनपरा गांव, परियोजना कालोनी, औड़ी, डिबुलगंज, परासी, गरबंधा, रेहटा, ककरी, रणहोर, योगेंद्रा आदि गांवों में सोमवार को रंगों का त्योहार मनाया जाएगा। इसके लिए रविवार की रात 55 जगहों पर होलिका दहन किया गया। पूर्व संध्या पर ही होली की उमंग लोगों के सिर चढ़कर बोलती रही। जहां-तहां हुड़दंग राहगीरों के साथ ही लोगों के परेशानी का सबब बने रहे। जमकर अवैध शराब की बिक्री होने से, शराबियों का उत्पात लोगों को परेशान किए रहा।