केकराही। मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर करमा थाना क्षेत्र के खैराही ऐलाही चट्टी पर बुधवार को बेकाबू हाइवा सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को रौंदते हुए मकान में घुस गया। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि पास में हैंडपंप से पानी भर रही महिला जख्मी हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सुबह करीब 10 बजे एक हाइवा तेज रफ्तार से मिर्जापुर से सोनभद्र की ओर जा रहा था। खैराही ऐलाही चट्टी के पास वह अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित सियाराम यादव के घर के पास लगे हैंडपंप के पास खड़े बाइक सवार मोनू (18) निवासी ऐलाही को रौंदते हुए मकान घुस गया। कुचल जाने से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन की चपेट में आने से हैंडपंप पर पानी लेने गई चमेली (48) भी घायल हुई। हादसे में मकान की बाहरी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और दरवाजे पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली भी पलट गई। ग्राम प्रधान अनिल कुमार यादव की सूचना पर पहुंचे करमा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। वहीं युवक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक मोनू पटरी पर बाइक खड़ा कर मोबाइल पर बात कर रहा था। उसी दौरान ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। एसओ ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।