कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेन में मंगलवार की रात्रि भारी मात्रा में ईडी और जिलेटिन रॉड मिलने के बाद हाई एलर्ट घोषित कर दिया गया है। चोपन रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके अलावा जीआरपी रात्रि में गश्त कर रही है। इस वाकये के बाद रेलवे प्रशासन की नींद उड़ गई है।
कटनी-भुसावल पैसेंजर ट्रेन मंगलवार की रात्रि में 11 बजे चोपन रेलवे स्टेशन पर आई। यात्री उतरने के बाद ट्रेन यार्ड में चली गई। इसके बाद जीआरपी चौकी प्रभारी बनवारी लाल सोनकर पुलिस बल के साथ ट्रेन की चेकिंग करने के लिए पहुंचे। इस दौरान एक बोगी में एक झोला और बैग लावारिस हाल में मिला। जिसे खोला गया तो उसमें 399 ईडी और 400 जिलेटिन रॉड बरामद हुआ। इसके बाद रेलवे विभाग के होश उड़ गए। क्योंकि जहां पर ट्रेन यार्ड में खड़ी थी, वहीं बगल में डीजल टैंक भी था। अगर विस्फोट हो जाता तो चोपन रेलवे स्टेशन को भारी नुकसान हो जाता। इसके बाद इलाहाबाद से बम निरोधक दस्ते को बुलाकर सोन नदी में बुधवार को निष्किय कराया।
आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक सामग्री मध्य प्रदेश से बिल्ली स्टेशन पर उतरने वाली रही होगी, लेकिन इस ट्रेन में जीआरपी की स्कॉट का पहरा होने की वजह से मौका नहीं मिल पाया होगा। वहीं मंडलीय यातायात प्रबंधक विश्व रंजन का कहना है कि विस्फोटक मिलने की घटना गंभीर है। इसके मद्देनजर हाई एलर्ट घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा चोपन स्टेशन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में किसी तरह की चूक अथवा हादसा न हो।