वर्षों से पेयजल संकट का अभिशाप झेल रही ऊर्जांनगरी में इस बार भी गर्मी की दस्तक के साथ ही पेयजल संकट शुरू हो गया है। नगर में लगे अधिकांश हैंडपंपों ने जवाब दे दिया गया है।
इसके चलते जहां साधन संपन्न लोग जरूरत की पूर्ति के लिए पानी खरीदने लगे हैं। वहीं टैंकरों से पानी लेने के लिए भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। साइकिल और ठेला के जरिए भी सुबह-शाम पानी के लिए दौड़ लगाई जाने लगी है।
पेयजल संकट के निदान के लिए जल निगम की ओर से ओबरा के गैर परियोजना आवासीय क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाई जा रही है, लेकिन कार्य अभी तक पूर्ण न होने से इस बार भी पानी संकट ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
नगर के चूड़ीगली, चोपन रोड, भलुआ टोल, मिल्लत नगर, सुमन नगर, गैस गोदाम रोड, राजकुमारी नगर, गीता मंदिर, कृष्णा नगर, राम मंदिर कालोनी आदि पहुंचते ही लोेग बाल्टी-डब्बा लेकर दौड़ना शुरू हो जा रहा है।
पानी लेने को लेकर मारामारी की भी स्थिति बन जा रही है। जो हैंडपंप चालू हैं, उस पर भी दिन में कई बार लंबी लाइन लग जा रही है।
उधर, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश सिंह यादव ने बताया कि पेयजल संकट से निजात के लिए कई जगहों पर पानी टंकी स्थापित की गई। टैंकरों के जरिए भी लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।