सोनभद्र। जिले में कोरोना पाजीटिव का अब तक एक भी मरीज नहीं मिला है। क्वारंटीन सेंटरों में ठहराए गए लोगों में से 10 और लोगों की रिपोटज् आ गई है। सभी निगेटिव हैं। कुल 353 लोगों के सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजे गए थे। इनमें से 324 की रिपोटज् निगेटिव आ गई हैं। उधर पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रयागराज गए सोनभद्र के 402 छात्र-छात्राएं 16 बसों में सवार होकर मंगलवार को आर-आर पालीटेक्निक कॉलेज हिंदुआरी आए।
चिकित्सकों की टीम ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली। डीएम एस. राजलिंगम और एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सभी को घरों में 14 दिनों तक क्वारंटीन रहने की हिदायत के साथ रोडवेज की बसों व अन्य साधनों से उनके घर भेजवा दिया।
मंगलवार की सुबह पांच बजे प्रयागराज से बसों में सवार होकर छात्र-छात्राएं आर-आर पालीटेक्निक कॉलेज हिंदुआरी पहुंचीं। यहां पहले से मौजूद एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, सदर एसडीएम यमुना धर चौहान की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव मिली। प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में प्रयागराज से आए सभी विद्यार्थियों को रोडवेज की बसों व अन्य संसाधनों से सोशल डिस्टेंस मेंटेन करते हुए उनके घर भेजवा दिया गया। विद्यार्थियों को डीएम व एसपी ने घर पहुंचने पर 14 दिन तक क्वारंटीन रहने की हिदायत भी दी।