जिले में रविवार को बिजली कहर बनकर गिरी। इसमें दो परिवार के चार बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग झुलस गए। मृतकों में चार बच्चे ओबरा थाना क्षेत्र के दुरूह इलाके कनहरा गांव के हैं। सूचना पर वहां पहुंचे एसडीएम सदर कैलाश सिंह और सीओ ओबरा प्रवीण कुमार यादव ने स्थिति का जायजा लिया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
डीएम सीबी सिंह ने कहा है कि मृतकों के परिवार वालों को दैवीय आपदा योजना के तहत चार-चार लाख रुपये के साथ ही जो भी अनुमन्य सहायता है, दी जाएगी। रात में ही शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ओबरा संवाददाता के मुताबिक रविवार की दोपहर मध्य प्रदेश की सीमा से सटे कनहरा ग्राम पंचायत के बाड़ी टोला में पहले आंधी चली और फिर हल्की बारिश शुरू हुई। इसी दौरान कुछ बच्चे एक आम के पेड़ के नीचे आंधी में गिरे आम को बीनने के लिए चले गए। इसी बीच बिजली गिरने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में गोलू (7) और पुष्पा (5) पुत्रगण पप्पू, दुर्गावती (7) और गुड़िया (13) पुत्रगण रामलल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नंदू (7) पुत्र अमरनाथ और गीता (8) पुत्री मुन्ना झुलस गईं। यह देख परिवार वालों में कोहराम मच गया। गांव में मातम फैल गया। परिवार वाले झुलसे बच्चों को लेकर अनपरा उपचार के लिए चले गए। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ ओबरा, थानाध्यक्ष ओबरा अरविंद यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस शवों को ओबरा थाने ले आई। यहां पंचनामा के बाद शवों को जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया।
खलियारी संवाददाता के अनुसार मांची थाना क्षेत्र के चरगड़ा गांव निवासी सिलवंती (35) पत्नी सुदामा अगरिया रविवार की दोपहर अपने खपरैल के घर में काम कर रही थी। इस दौरान बिजली उसके घर पर गिरी और वह उसकी चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विण्ढमगंज संवाददाता के मुताबिक थाना क्षेत्र के बरखोहरा गांव निवासी निर्मला देवी (29) पत्नी अंबिका प्रसाद दोपहर में घर के बाहर रखी सूखी हुई लकड़ी लेकर घर आ रही थी।
इस दौरान बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वह पांच माह के गर्भ से थी। उसके दो लड़के और एक लड़की है। बभनी/सांगोबांध संवाददाता के अनुसार दोपहर में सांगोबांध गांव में दो बच्चे रेनू (10) पुत्री विंध्याचल और राजू (15) पुत्र विनोद आम के पेड़ के नीचे खेल रहे थे इस दौरान वे बिजली की चपेट में आ गए। इसमें रेनूू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजू झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
केकहारी प्रतिनिधि के अनुसार कसया गांव में बिजली गिरने से भैंस चरा रहा रामलाल यादव (58) पुत्र सरजू झुलस गया। उसका निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। रामगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के डोमरिया गांव में बिजली की चपेट में आकर लाल साहब यादव (15) पुत्र शोभा यादव झुलस गया।