रेलवे ने हटिया से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली एक्सप्रेस का परिचालन पुन: शुरू किए जाने का निर्देश दिया है। हटिया से पांच दिसंबर से तो आनंद विहार से छह दिसंबर से इस एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो जाएगा।
सोनभद्र से होकर सप्ताह में तीन दिन चलने वाली इस ट्रेन का परिचालन बहाल होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल की ओर से गाड़ी संख्या 12873 हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस को दो दिसंबर से नौ जनवरी तक और गाड़ी संख्या 12874 आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस का संचालन तीन दिसंबर से 10 जनवरी तक रद्द कर दिया गया था।
इसके पीछे बढ़ते ठंड व कोहरे को वजह बताया गया था। हालांकि अभी इस तरह की समस्या नहीं है। इसकी जानकारी होने पर यात्रियों ने इसका विरोध शुरू किया।
इस संबंध में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने दो दिसंबर को रेल संचालन (कोचिन) के अधिकारियों से मुलाकात किया और एक्सप्रेस का परिचालन बंद होने के आदेश के बाद होने वाली समस्या से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से अवगत कराया।
उन्होंने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से वार्ता की। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलमंत्री ने हटिया-आनंद विहार एक्सप्रेस का परिचालन पुन: शुरू करने का निर्देश दे दिया है। दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल की तरफ से एक्सप्रेस के पुन: परिचालन के लिए तिथि भी निर्धारित कर दी गई है।
गाड़ी संख्या 12873 हटिया-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस का परिचालन पांच दिसंबर को हटिया से शुरू होगा। वहीं गाड़ी संख्या 12874 आनंद विहार टर्मिनल-हटिया एक्सप्रेस का परिचालन छह दिसंबर से आनंद विहार टर्मिनल से पुन: परिचालित होगी।