रॉबर्ट्सगंज में हरितालिका तीज को लेकर सौंदर्य प्रसाधन सामानों की खरीदारी करती महिला। संवाद
सोनभद्र। हरतालिका तीज पर्व नजदीक आते ही जिले के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। रॉबर्ट्सगंज नगर में महिलाओं की चहल-पहल बढ़ने के साथ ही साज-शृंगार और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारी तेज हो गई है। चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, झुमके, पायल, मंगलसूत्र और हरे रंग की साड़ियों के साथ ही विभिन्न प्रकार की शृंगार सामग्री की मांग बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार पर्व को लेकर पिछले कुछ दिनों से बिक्री में लगातार इजाफा हो रहा है। भादो मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरतालिका तीज मनाई जाती है। इस दिन सुहागिन महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। पर्व पर महिलाएं सोलह शृंगार कर झूला झूलने और तीज के पारंपरिक आयोजन में शामिल होती हैं। इस वर्ष तीज का पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। पर्व के लिए बाजार में हरे रंग की चूड़ियों और साड़ियों के साथ मैचिंग बिंदी, झुमके और अन्य आभूषणों की मांग बढ़ गई है। मेहंदी रचाने के लिए पहले से ही बुकिंग शुरू हो गई है। ब्यूटी पार्लरों और मेहंदी स्टॉल संचालकों ने भी ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तैयारी तेज कर दी है।