दुद्धी के कृपाओं की माता चर्च में प्रार्थना करते श्रद्धालु-संवाद
दुद्धी। मां मरियम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कृपाओं की माता चर्च दुद्धी में चल रहे नौ दिवसीय विशेष भक्ति एवं प्रार्थना कार्यक्रम का मंगलवार की शाम समापन हुआ। नौ दिनों तक श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना, भक्ति और विशेष निवेदन के माध्यम से मां मरियम की आराधना की। समापन अवसर पर मां मरियम के जन्मोत्सव को लेकर भव्य पूजन एवं प्रार्थना सभा हुई। श्रद्धालुओं ने मां मरियम की प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित कर आदर एवं वंदन किया। इसके बाद परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई। श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। फादर टाइट्स लोबो ने श्रद्धालुओं को मां मरियम के आदर्शों, आज्ञाकारिता, सेवाभाव और त्यागपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मां मरियम के जीवन के इन गुणों को अपनाकर मानव अपने जीवन को बेहतर बना सकता है। लोगों ने प्रेम और भाईचारे के साथ प्रसाद ग्रहण किया।