सोनभद्र। जिले के परिषदीय स्कूलों में दो माह देर से सोमवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। परीक्षा में 2.19 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। इस बार परीक्षा पांच दिनों में संपन्न होगी।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 2061 विद्यालय संचालित हैं। इनमें 219370 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परख राष्ट्रीय सर्वे व प्रदेश स्तर पर निपुण एसेसमेंट टेस्ट (नैट) के आयोजन की वजह से इस बार छमाही परीक्षाएं डेढ़ से दो माह की देरी से हो रही हैं। विभाग सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए जुटा है। कक्षा एक से आठ तक के छात्रों की छमाही परीक्षा 23 दिसंबर से शुरू हो रही है। यह 28 दिसंबर तक चलेगी। इसे कुल कुल पांच दिनों में कराया जाना है। 29 दिसंबर को कॉपियों का मूल्यांकन और 30 दिसंबर को परीक्षाफल जारी कर प्रगति रिपोर्ट वितरित की जाएगी। डायट के माध्यम से बीएसए मॉडल प्रश्न पत्र तैयार करके बीईओ और उनके जरिये स्कूलों को उपलब्ध कराए गए हैं। कक्षा एक में पंजीकृत 22304 बच्चों की छमाही परीक्षा मौखिक होगी। जबकि कक्षा दो में पंजीकृत 25245, कक्षा तीन के 32987, चार में 32045 और कक्षा पांच में पंजीकृत 31440 छात्र-छात्राओं की लिखित व मौखिक दोनों परीक्षा होगी। कक्षा छह से आठ तक पंजीकृत क्रमश:24650, 25896, 24803 छात्र-छात्राओं की पूरी परीक्षा लिखित होगी। छमाही परीक्षा में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय व दीर्घ उत्तरीय सवाल होंगे। इसके लिए 50 अंक निर्धारित किए गए हैं।
जिले में सभी बीईओ और शिक्षकों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा सकुशल संपन्न कराने को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समय पर परिणाम जारी होगा। - मुकुल आनंद पांडेय, बीएसए।