सोनभद्र/रेणुसागर। होली की पूर्व संध्या पर मंगलवार को पिचकारी, रंग और गुलाल के साथ ही मिठाईयों की खूब बिक्री हुई। होली के मद्देनजर खासकर गुझिया, मालपुआ और काजू की बर्फी की मांग ज्यादा रहीं। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के साथ ही ग्रामीण इलाकों में सजी मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई। वहीं त्योहार पर मांग अधिक होने से मिठाई के दामों में भी उछाल देखा गया। रॉबर्ट्सगंज नगर में संचालित मिठाई की छोटी-बड़ी करीब 30 से अधिक दुकानें खुली हुई है। होली की पूर्व संध्या पर वहां खरीदारों की भीड़ देखी गई। सबसे ज्यादा गुझिया की बिक्री हुई। दो दिन पहले तक 300 से 350 रुपये प्रति किलो बिकने वाली गुझिया होली की पूर्व संध्या पर मंगलवार को 350 से 400 रुपये तक बिक्री हुई। मिक्स मिठाइयां 500 रुपये तो वहीं काजू की बर्फी 900 से लेकर 1000 रुपये प्रति किलो तक बिक्री हुई। मिठाई की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। लोग अपने मनपसंद की मिठाई की खरीदारी करते नजर आएं। दुकानदार शानू मोदनवाल का कहना है कि होली के पर्व पर काजू बर्फी, गोद का लड्डू, देशी घी के मोतिचूर के लड्डू और गुझिया लोगों की पहली पसंद बनी हुई है।