सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरी गांव में दादा की पुण्यतिथि पर एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पिपरी निवासी कन्हैया देव पांडेय के घर पर रविवार को उनके पिता की पुण्यतिथि मनाई जा रही थी। शाम को लोग भोजन कर रहे थे। इसी दौरान कन्हैया का बेटा शिवमदेव पांडेय (27) घर से कुछ दूर शौच के लिए गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजन उसकी खोजबीन करने लगे, मगर उसका कहीं पता नहीं चला। इस बीच मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के तालाब में एक शव को देखा। उसकी पहचान शिवम के रूप में हुई। आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने से वो तालाब में डूब गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था।