सोनभद्र। प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने रविवार को रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के बेठिगांव निस्फ ग्राम पंचायत को लर्निंग सेंटर की सौगात दी। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास करा रही है। जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराया जा रहा है।
मंत्री ने सदर विधायक के साथ पूजन अर्चन करते हुए लर्निंग सेंटर का लोकार्पण किया। कहा कि जिले में अभी दो लर्निंग सेंटर बने हैं। पहला लर्निंग सेंटर चोपन ब्लॉक के चोपन ग्राम पंचायत और दूसरा बेठिगांव निस्फ ग्राम पंचायत में बना है। इसमें सदर विधायक भूपेश चौबे और ग्राम प्रधान नीलम तिवारी और प्रधान प्रतिनिधि अनूप तिवारी का विशेष योगदान रहा है।
लर्निंग सेंटर खुलने से ग्राम पंचायत का क्षमता संवर्धन व प्रशिक्षण गतिविधियों का संचालन किया जा सकेगा। जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने लर्निंग सेंटर के बारे में जानकारी दी। बताया कि लर्निंग सेंटर में पंचायत कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान मंत्री ने ग्राम पंचायत के गरीबों को कंबल दिया। श्रम योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए पंजीकरण कराते हुए योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। संचालन सुरेश शुक्ला ने किया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, भाजपा जिला महामंत्री कृष्णमुरारी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत, बीडीओ उत्कर्ष सक्सेना, मनोज सोनकर आदि रहे।
मंत्री का किया स्वागत
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के क्षेत्र आगमन पर लोगों ने सदर ब्लॉक के खडंजा पुल पर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश गिरी, कोटेदार बबलू केसरी, विजय मिश्रा, नंदकुमार, नागेश्वर, सीताराम मौर्य आदि शामिल रहे।