सोनभद्र। कोरोना से बदहाल अर्थव्यवस्था में तेजी लाने और त्योहारी सीजन में मांग बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। इसके तहत सरकारी कर्मियों को मिलने वाली अवकाश यात्रा रियायत (एलटीसी) के बदले नकदी वाउचर और त्योहारों पर खरीदारी के लिए 10 हजार रुपये अग्रिम मिलेंगे।
कर्मचारियों ने दस हजार रुपये का तोहफा देने की सरकार की घोषणा का स्वागत किया और डीए और महंगाई भत्ता देने की मांग की। राबर्ट्सगंज पोस्ट आफिस में तैनात पोस्टमैन नर्वदेश्वर ने कहा कि कर्मचारियों को दो साल से डीए और महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा है। सरकार को इसका भी भुगतान करना चाहिए। पोस्टमैन नंदकिशोर ने कहा कि मुफ्त के रुपये नहीं बल्कि हमें बोनस चाहिए। पुरानी पेंशन बहाल कर दिया जाए। पुरानी पेंशन न मिलने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को काफी दिक्कत हो रही है।
तरावां में तैनात पोस्टमास्टर रामप्रसाद ने कहा कि सरकार दस हजार रुपये का जो तोहफा कर्मचारियों को देने की घोषणा की है, हम उसका स्वागत करते हैं। लेकिन सरकार को दो साल से रुका डीए और महंगाई भत्ता भी देना चाहिए। दूसरी तरफ व्यवसायी संदीप ने कहा कि सरकार के इस फैसले से अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। हालांकि खाद्य उत्पादों की कीमतें बढ़ने से आम नागरिकों के जेब पर भी असर पड़ेगा।