एसपी अशोक मीणा ने मंगलवार को कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। पिपरी, रॉबर्ट्सगंज, म्योरपुर, जुगैल, कोन समेत कई थानों के प्रभारी बदले गए हैं। कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए यह बदलाव किए गए हैं।
पिपरी थाने के प्रभारी नागेश सिंह को जुगैल थाना का चार्ज सौंपा गया है। रामपुर बरकोनिया के थानाध्यक्ष कमल नयन दुबे को म्योरपुर थाने की जिम्मेदारी दी गई है। कोन थाने के प्रभारी गोपाल गुप्ता को रॉबर्ट्सगंज थाना सौंपा गया है।
रॉबर्ट्सगंज एसएचओ सतेंद्र राय को पिपरी थाना भेजा गया है। म्योरपुर थाने के प्रभारी हेमंत सिंह को इसी पद पर रामपुर बरकोनिया स्थानांतरित किया गया है। जुगैल एसएचओ पूण्य प्रसून को आईजीआरएस (जन शिकायत प्रकोष्ठ) का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, आईजीआरएस प्रभारी रहे संजीव सिंह को कोन थाना सौंपा गया है। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि जनता से सीधा संवाद बनाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखें और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।