अनपरा थाना क्षेत्र के औडी मोड़ स्थित जेसीबी मशीन के कार्यालय व स्टोर से चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शटर का ताला तोड़कर चोर कीमती स्पेयर पार्ट्स व अन्य सामान उड़ा दिया। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। औड़ी मोड़ पर राज एंड संस ऑटो प्राइवेट लिमिटेड की जेसीबी मशीन का कार्यालय व स्टोर है। कार्यालय प्रबंधक दिनेश प्रसाद यादव ने बताया कि 14 जनवरी को रात में स्टाफ ने स्टोर और कार्यालय का ताला बंद किया। तक सब कुछ सही था। 15 जनवरी को मकर संक्रांति के छुट्टी होने की वजह से कार्यालय और स्टोर रूम दोनों बंद था। शुक्रवार को सुबह कार्यालय खुला तो कार्यालय के अंदर सामान बिखरा हुआ था। इस दौरान स्टोर रूम में जाकर देखा तो काफी चीज चोरी हुई थी। तुरंत इसकी सूचना अपने हेड ऑफिस वाराणसी दी। वाराणसी से आए लोगों ने ऑडिट कर स्टॉक का मिलान किया तो तकरीबन 20 लाख रुपये का जेसीबी के स्पेयर पार्ट्स, इंजन ऑयल, हाइड्रोलिक ऑयल, फिल्टर सब चोरी हो चुका है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसओ ने बताया कि चोरी की सूचना पाकर मौके पर गया था। शटर का ताला नहीं टूटा है और कोई सीसीटीवी कैमरा का फुटेज भी नहीं है। अभी जांच की जा रही है। कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों से पूछताछ किया जा रहा है। यह मामला चोरी का नहीं लग रहा। जांच पूरी होने पर ही कुछ स्पष्ट होगा।