रॉबर्ट्सगंज कोतवाली व एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। एक्सयूवी कार में रखा 152 किलो गांजा पकड़ा गया। पुलिस को देखकर तस्कर भागने में कामयाब हो गए जिनकी तलाश की जा रही है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने महिंद्रा एक्सयूवी से डेढ़ क्विंटल गांजे की खेप बरामद की। यह गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था। चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। यह वाहन ओडिशा की मोनालिसा नायक के नाम दर्ज है।
विज्ञापन
मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी गोपालजी गुप्ता और एसओजी प्रभारी बृजेश सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम बढ़ौली चौराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस बीच मुखबिर ने चुर्क रोड पर एक संदिग्ध वाहन के खड़े होने की सूचना दी।
यह वाहन 27 जून की रात टोल प्लाजा का बैरियर तोड़कर भागी था। तत्काल पुलिस टीम सहिजन खुर्द पहुंची। महिंद्रा एक्सयूवी वाहन एक किनारे खड़ा था। उसके आसपास दो लोग मौजूद थे। पुलिस को देखते ही दोनों अंधेरे में फरार हो गए। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 115 पैकेट में गांजा भरा हुआ था।
विज्ञापन
एक-एक किलो के 80 पैकेट थे, जबकि दो किलो के 35 पैकेट वाहन में मौजूद रहे। गांजा की कुल मात्रा 152.77 किलो रही। पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। कोतवाली प्रभारी गोपालजी गुप्ता ने बताया कि वाहन ओडिशा के कटक निवासी मोनालिसा के नाम पर पंजीकृत है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।