सोनभद्र। शक्ति आराधना का महापर्व शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर सोमवार को जिले के पूजा पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की मूर्तियां स्थापित करने के बाद आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पट खोल दिए गए। पूजा पंडालों में शाम से शुरू हुआ दर्शन पूजन देर रात तक चला। पैदल चलकर पूजा पंडालों में भक्तों ने दर्शन पूजन किए। उधर, भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की तरफ से भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 457 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल सजा है। पूजा पंडालों में कहीं रविवार की देर रात में तो कहीं सोमवार को दिन में पूजा पंडालों में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। वैदिक मंत्रों से पूजन के बाद पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन पूजन के लिए खोल दिए गए। रॉबर्ट्सगंज नगर के बढ़ौली चौक पर ऑटो मोबाइल्स संघ की तरफ से सजाए गए पूजा पंडाल में सोमवार को दोपहर बाद श्रद्धालु दर्शन पूजन को पहुंचने लगे थे। सिविल लाइंस रोड, हाइडिल मैदान, रेलवे क्राॅसिंग, मेन चौक, मेन मार्केट, पन्नूगंज रोड, धर्मशाला चौक, साईं चौक, उत्तर मोहाल, शीतला मंदिर के पास, गुरुद्वारा के पास सजे पूजा पंडालों में विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की गई। इसके बाद दर्शन पूजन शुरू हुआ। डाला संवाद के अनुसार, नगर के विभिन्न जगहों में आकर्षक व भव्य रूप से सजे पंडाल में सोमवार को मां दुर्गा की प्रतिमा को स्थापित किया गया। जय मां दुर्गा पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष रामनरायन गोंड के नेतृत्व में विद्वान पं. मनोज शुक्ला ने विधि-विधान से मां की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा कराया। इसके पूर्व नगर के समाजसेवी राजकुमार जैन ने फीता काटकर पूजा पंडाल में भक्तों को प्रवेश कराया। रेक्सहवां सेक्टर बी स्थित परिसर में पं. उत्कर्ष पाण्डेय ने मां की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराई। नव दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष आर्यन कुमार ने बताया कि पूजा पांचवें साल अनवरत जारी है। डाला बाजार स्थित जय मां दुर्गा पूजा सेवा समिति समिति के महामंत्री सुधीर सिंह ने बताया कि 29 वर्षों से दुर्गा पूजा कराई जा रही है। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश जैन, सुरेश सिंह, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। चोपन, रेणुकूट, घोरावल, केकराही, करमा, शाहगंज, ओबरा, दुद्धी, बभनी, म्योरपुर, शक्तिनगर समेत अन्य इलाकों में पूजा पंडालों में सोमवार को मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई। पूजा पंडालों में देर रात तक दर्शन पूजन को भक्त उमड़े रहे।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में नहीं जाएंगे वाहन
रॉबर्ट्सगंज में नवरात्र पूजा के दौरान भीड़ भाड़ वाले इलाकों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। यातायात प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि बढ़ौली चौक से मेन मार्केट तरफ जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया है, ताकि पूजा पंडालों में दर्शन पूजन को आने वाले भक्तों को असुविधा न हो। इसी तरह से धर्मशाला चौक, चंडी होटल और रेलवे क्राॅसिंग तरफ से मेन चौक तरफ जाने पर वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। भीड़भाड़ होने की स्थिति में वाहनों को दूसरे मार्ग से गुजारा जाएगा।
कलश स्थापना के साथ दुर्गा पूजा शुरू
शक्तिनगर। एनसीएल बीना एवं कृष्णशिला कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर में कलश स्थापना के साथ दुर्गा पूजा का शुभारंभ हुआ। बीना में पुजारी पुष्पल चक्रवर्ती ने विधि विधान से पूजा पाठ कराया। यजमान की भूमिका मानस कुमार नायक रहे। कृष्णशिला कोयला क्षेत्र के आवासीय परिसर में मां दुर्गा पूजा का शुभारंभ पुजारी पं.अजय शास्त्री व पं.इंद्रेश तिवारी ने यजमान आईपी तिवारी की मौजूदगी में विधि विधान से कराया। एनटीपीसी शक्तिनगर परिसर सहित रेलवे कालोनी, बस स्टैंड खड़िया बाजार में भी दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना शुरू कर दी गई।
कालरात्रि के दर्शन पूजन को मंदिरों में उमड़ी भीड़
सोनभद्र/डाला। नवरात्र की सप्तमी पर देवी मंदिरों में दर्शन पूजन के लिए आस्थावानों की भीड़ रही। फूल-माला, नारियल, चुनरी चढ़ाकर भक्तों ने मां का पूजन अर्चन किया। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित प्राचीन शीतला मंदिर, कड़े माता शीतला मंदिर, सातो मईया शीतला मंदिर के साथ ही साईं चौक स्थित दुर्गा मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन पूजन किया। दंडईत बाबा मंदिर परिसर स्थित दक्षिणेश्वर काली मंदिर में भी दर्शन पूजन को बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मां वैष्णो शक्तिपीठ धाम में सुबह आरती के बाद दर्शन के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए। कतार में खड़े भक्तों ने मां दुर्गा के सातवें स्वरूप कालरात्रि का दर्शन कर जयकारे लगाए। पूरे दिन दर्शन पूजन का सिलसिला चलता रहा। मंदिर के प्रधान पुजारी श्रीकांत तिवारी ने बताया कि नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा होती है। शक्तिनगर स्थित ज्वाला देवी मंदिर, चोपनी के कुड़ारी स्थित कुंडवासिनी देवी मंदिर और अमिला धाम में भक्तों ने दर्शन पूजन किया।
तालाब में मूर्ति विसर्जन का ग्रामीणों ने किया विरोध
सलखन। सदर ब्लॉक के मारकुंडी ग्राम पंचायत स्थित फासिल्स पार्क के समीप आदर्श तालाब अवईं में लोगों ने मूर्ति विसर्जन किए जाने का विरोध किया है। लोगों का कहना है कि इस तालाब से आस-पास के जीव जंतु अपनी प्यास बुझाते हैं। तालाब के घाट पर कर्मकांड और डाला छठ की पूजा होती है। तालाब में मूर्तियों का विसर्जन होने से आदर्श तालाब का अस्तित्व खतरे में पड़ गया हैं। इसको देखते हुए स्थानीय लोगों ने तालाब में मूर्ति विसर्जन किए जाने का विरोध किया है। क्षेत्र के सुभाष भारती, गनेश, विजय, केशव, मुन्नी लाल, राजेश आदि लोगों ने जिला प्रशासन से मूर्ति विसर्जन अन्यत्र कराए जाने की मांग की है।