सोनभद्र। नवसृजित नगर पंचायत अनपरा में जीआईएस सर्वे पूरा हो गया है। अब यहां वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन सुविधाएं भी मिलनी शुरू हो गई हैं। लांच की गई वेबसाइट से विभागीय सूचनाओं के साथ ही हाउस टैक्स सहित अन्य जानकारी उपभोक्ता ले सकते हैं। हालांकि, अभी नगर पंचायत डालाबाजार में जीआईएस सर्वे पूरा नहीं हो सका है। शासन की तरफ से प्रदेश के सभी निकायों में निकाय परिसंपत्तियों को अभिलेखों के अनुसार पूरी तरह से अपडेट करने के लिए भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) से सर्वे कराने का निर्देश दिया है।
जिले की नवसृजित निकाय अनपरा में इस वर्ष की शुरूआत में जीआईएस सर्वे शुरू कराया गया था। निकाय के अधिकारियों की मानें तो प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत निकाय में सर्वे कराया गया। सर्वे के तहत निकायों की परिसंपतियों को अभिलेखों के अनुसार पूरी तरह से अपडेट की है। सर्वे में नगर की सड़कें, पार्किंग, कांप्लेक्स, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थान शामिल किए गए हैं। सर्वे के पश्चात अनपरा नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से खुद का वेबसाइट अनपरा लांच की है। निकाय के कर्मचारियों का कहना है कि अनपरा वेबसाइट पर जाकर नगरवासी हाउस टैक्स के साथ ही अन्य जानकारी हासिल कर सकते हैं। डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले वाहन कहां हैं इसका भी पता लगाया जा सकता है।
डाला बाजार में नहीं हुआ सर्वे
नवसृजित अनपरा नगर पंचायत के साथ ही डाला बाजार नगर पंचायत में भी जीआईएस सर्वे किया जाना था। दोनों निकाय में एक साथ सर्वे शुरू करने की योजना बनी थी। अनपरा में सर्वे तो हो गया, मगर अभी डाला बाजार में सर्वे नहीं किया जा सका है। इस संबंध में डाला बाजार नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवहुति पांडेय का कहना है अभी नगर में जीआईएस सर्वे नहीं हुआ है।
अनपरा में जीआईएस सर्वे पूरा हो गया है। अनपरा नाम से वेबसाइट लांच की गई है। इसके जरिए नगरवासियों को ऑनलाइन सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। कूड़ा वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगा है। इससे वाहनों के बारें में पता लगाया जा सकता है। - ऋचा यादव, अधिशासी अधिकारी-अनपरा।