देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अदाणी का हेलिकाॅप्टर रविवार को दोपहर बारह बजे सिंगरौली स्थित हेलिपैड पर उतरा। उनके पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। हेलिपैड से उतरने के बाद वे काफिले के साथ कार से अदाणी पावर प्लांट के लिए रवाना हो गए। गौतम अडानी ने सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली स्थित अदाणी ग्रुप के पावर प्रोजेक्ट विस्तार सहित कोयला खदान की प्रगति व उत्पादन संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। एमपी पुलिस के साथ विशेष सुरक्षा दल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। हेलिपैड से लेकर पावर प्लांट तक सुरक्षा घेरा बनाया गया था, जिससे आम लोगों की आवाजाही सीमित रही। अदाणी कंपनी के सूत्रों के अनुसार गौतम अदाणी का यह दौरा पावर प्लांट व कोयला खनन से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा के उद्देश्य से है। उद्योगपति अदाणी मिर्जापुर के मड़िहान क्षेत्र में निर्माणाधीन पावर प्रोजेक्ट का भी जायजा ले सकते हैं।