नवसृजित डाला और अनपरा नगर निकाय से निकलने वाले कूड़ों के निस्तारण के लिए सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य जारी है। अनपरा में भूमि चिन्हित कर ली गई है। वहीं डाला में अभी जमीन की तलाश जारी है।
शासन स्तर से जिला प्रशासन को नगर पालिका राबर्ट्सगंज, नपं घोरावल, ओबरा, चोपन, पिपरी, रेणुकूट, दुद्धी, चुर्क-गुरमा की तरह नवसृजित नगर पंचायत डाला और अनपरा के लोगों को पेयजल, बिजली, आवास आदि की सुविधाएं मुहैया कराने का आदेश दिया है। उक्त के क्रम में जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने डाला और अनपरा के ईओ को कार्य करते हुए रहवासियों को सुविधाएं देने का आदेश दिया है। इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी एडीएम सहदेव मिश्रा को सौंपी है।
उक्त आदेश के क्रम में नवसृजित दोनों नगर निकायों के दायरे में आने वाले गरीबों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पक्का मकान मुहैया कराने के साथ ही अन्य कार्यों को तेजी से किया जा रहा है। उसी क्रम में निकायों के कूड़ा निस्तारण के लिए भी सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है। अनपरा नगर निकाय के वेस्ट मैनजमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए स्थान करीब फाइनल भी हो चुका है। यहां पर करीब 33 लाख रुपये से प्लांट को स्थापित किया जाएगा, लेकिन अभी डाला में प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है। हालांकि ईओ ने राजस्व कर्मियों के साथ कई जमीन को देखा है, संभावना है कि यहां पर भी जल्द ही कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन के चयन की कार्यवाही पूरी कर ली जाएगी।
नगर पंचायत अनपरा के सालिड वेस्ट मैनजमेंट प्लांट के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। 33.67 लाख की लागत से प्लांट का निर्माण होगा।
अंशुमान सिंह, अधिशासी अधिकारी अनपरा
नपं डाला क्षेत्र के सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए कुछ जमीनों को देखा गया है। जल्द ही प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया जाएगा।
देवहुति पांडेय, ईओ डाला