सोनभद्र। जिले के रास्ते पड़ोसी राज्यों में पशुओं की तस्करी करने वाले 17 तस्करों पर पुलिस ने गैंगस्टर लगाया है। इसमें आठ तस्कर झारखंड के रहने वाले हैं। गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद पुलिस ने उनका अन्य ब्योरा भी खंगालना शुरू कर दिया है।
एसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में पुलिस जिले के रास्ते हो रही तस्करी को रोकने में जुटी है। इसके तहत अभियान चलाकर पिछले दिनों बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी व पशु तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। इसी क्रम में हाथीनाला पुलिस ने भी विभिन्न मुकदमों में नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त रूख अपनाया है। इसी के तहत 17 तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। थानाध्यक्ष की तहरीर पर हाथीनाला क्षेत्र के पगडेवा निवासी विश्वभर पटेल, अछंदर पटेल, विढ़मगंज थाना क्षेत्र के औराडण्डी निवासी सुद्धु गौड़, विजय गौड़, सलैयाडीह निवासी मोती चंद पासवान, मनबसा निवासी शेर सिंह,डोलवा निवासी असफीर् पासवान, चोपन थाना क्षेत्र के कोटा निवासी ओमप्रकाश गौड़, झारखंड निवासी रामकिशुन चौधरी, हैसियत अंसारी, मोख्तार, मिथुन कुमार, शरीफ अंसारी, युनुश, मो.आलम अंसारी, जमायज अंसारी सहित कुल 17 लोगों पर पशु तस्करी के आरोप में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। एसओ ने बताया कि सभी आरोपी पशु तस्करी में लिप्त पाए गए हैं। उन पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार उनकी संपत्ति सहित अन्य विवरण को खंगाला जा रहा है।