बभनी। इंडेन गैस एजेंसी पर घटतौली की शिकायत पर ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि सिलिंडर में दो से तीन किलो गैस कम दी जा रही है। चेताया कि यदि इस पर लगाम नहीं लगी तो आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि बभनी स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर घटतौली की जा रही है। बभनी निवासी गिरवर ने बताया कि बच्चे सिलिंडर लेकर घर पहुंचे। जब बगल की दुकान पर तौल किया तो दो किलो से ज्यादा वजन कम मिला। सिलिंडर लेकर वापस एजेंसी पहुंचे जहां पर अन्य ग्रामीणों के भी सिलिंडरों की भी तौल की गई तो सभी मे गैस कम मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीण सुरेश, राजाराम, प्रदीप, जितेंद्र कुमार, नितीश, सूरज विश्वकर्मा, दयानंद, आयुष कुमार ने एजेंसी संचालक के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी पर इलेक्ट्रिक कांटा नहीं लगाया गया है। ऐसे में धड़ल्ले से कालाबाजारी हो रही है। ग्रामीणों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की। उधर, इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर मुरली सिंह ने कहा कि कुछ ग्रामीणों ने गैस घटतौली की शिकायत की है। जानकारी में आने के बाद गैस सिलिंडर बदल कर, तौल कर दिया गया।