ओबरा के आर्य समाज चौराहे पर प्रदर्शन करते संविदा सफाई कर्मी।
- फोटो : SONBHADRA
ओबरा। स्थानीय परियोजना प्रशासन द्वारा कालोनी के आवासों एवं परिसर में झुग्गी झोपड़ी बनाकर रह रहे सफाई कर्मियों को खाली कराने से नाराज सफाई कर्मियों ने शनिवार को आर्य समाज चौराहा पर विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्य बहिष्कार किया। नेतृत्व कर रहे अजय ने कहा कि इस आंदोलन में परियोजना में कार्य कर रहे सफाई कर्मियों सहित नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मी शामिल है। उन्होंने बताया कि परियोजना व नगर पंचायत में नियमित रूप से कार्य कर सफाई कर्मियों ने भी इस आंदोलन में अपना सहयोग दिया है। सफाइकर्मियों ने परियोजना अस्पताल, परियोजना अतिथि गृह, समस्त परियोजना कार्यालय एवं अधिकारियों के आवासों सहित पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में साफ सफाई ठप कर दी है। सफाई कर्मियों ने बताया कि हम लोगों को उजाड़ा जा रहा है जो न्याय संगत नही है। गरीब सफाई कर्मियों को भी परियोजना की खाली पड़ी जमीन पर विस्थापित किया जाए। जब तक सफाई कर्मियों को रहने की व्यवस्था नहीं की जाएगी तब तक कार्य बन्द रहेगा। प्रदर्शन करने वालो में मनोज, विजय, राकेश,पप्पू, संजय, राजू, मुकेश,कमलेश, अमरजीत, सुनील, अजय, राजन, शनि, मीरा देवी, सुनीता, दुलारी देवी, चंदा देवी सहित दर्जनों सफाई कर्मी मौजूद रहे। उधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सफाई कर्मियों के कार्य बहिष्कार नगर की साफ सफाई व्यवस्था पर असर पड़ा है। परियोजना प्रशासन को सफाई कर्मियों से वार्ताकर समाधान निकालना चाहिए।