आसनडीह। बभनी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैना में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अभी तक लगभग 60 किसानों को नहीं मिल सका है। इससे किसानों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि कुछ अधिकारी योजना से किसानों को वंचित कर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
उनका कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के हित में कई योजनाएं चालू कराया है। लेकिन सरकारी मशीनरी के गलत नीतियों के चलते सभी किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। कहा कि क्षेत्रीय लेखपाल को किसानों ने कई बार आधार कार्ड, बैंक खाता की पासबुक दिए लेकिन आज तक किसानों का नाम किसान सम्मान निधि योजना में नहीं आ पाया।
किसान जगदीश ने बताया मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में लेखपाल रामनारायण ने कहा कि छुटे हुए किसानों का नाम ऑनलाइन जोड़वाने का काम किया जा रहा है। किसानों जगदीश, रामदेनी, सदावृक्ष, मोहरमनिया, रामदेव, राधेश्याम, सोमारू आदि ने डीएम का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकृष्ट कराते हुए समाधान कराने की मांग की है।