कड़ाके की ठंड से लोगों को बचाने के लिए जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने बुधवार को तीनों तहसील के एसडीएम व तहसीलदारों को सार्वजनिक स्थानों अलाव जलवाने का निर्देश दिया।
कहा कि सभी लेखपाल अपने-अपने तैनाती वाले क्षेत्र में भ्रमण कर अलाव की व्यवस्था करें। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि अगर किसी व्यक्ति की ठंड से मौत होगी तो उस क्षेत्र के लेखपालों को जिम्मेदार मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
सोनांचल में पिछले 48 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश से शीतलहर बढ़ गई है। तीसरे दिन बुधवार को कड़ाके की ठंड से लोगों का जीना दुश्वार रहा। ठंड के चलते अधिकांश लोग अपने-अपने घरों मेें दुबके रहे। ठंड से गरीब तबके लोगों का हाल बेहाल रहा।
इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राबर्ट्सगंज, दुद्धी और घोरावल एसडीएम को क्षेत्र के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, शहर और गांवों के चट्टी तिराहों पर अलाव जलवाने का निर्देश दिया है।
डीएम ने अलाव का इंतजाम कराने के लिए तीनों तहसीलदार को 50-50 हजार रुपये भी जारी कर दिया है। सदर एसडीएम हर्षदेव पांडेय का कहना है कि सभी लेखपालों को ठंड को देखते हुए क्षेत्रों में भ्रमण कर अलाव जलवाने का निर्देश जारी कर दिया गया है।
इसमें लापरवाही होने पर लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम कैलाश सिंह ने कहा कि लेखपालों को अलाव का प्रबंध कराने का निर्देश दिया है। कहा कि तहसीलदार ने इसके लिए राशि दे दिया है।