घोरावल। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के सौजन्य से राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल में बृहस्पतिवार को छात्र छात्राओं को सोलर स्टडी लैंप वितरित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा नौ से 12 तक के कुल 779 छात्र छात्राओं को नि:शुल्क सोलर स्टडी लैंप दिया गया।
नोएडा से आए एचपीएल पॉवर लिमिटेड इलेक्ट्रिक कंपनी के जयप्रकाश गौड़ ने बताया कि 25 लाख सोलर स्टडी लैंप योजना के तहत प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों में छात्र छात्राओं को लैंप दिया जा रहा है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कॉलेज घोरावल में कक्षा 9 से 12 तक के 779 छात्र छात्राओं को नि:शुल्क सोलर स्टडी लैंप दिया गया। प्रभारी प्रधानाचार्य शांतेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि शासन की सोलर स्टडी लैंप वितरण योजना से ग्रामीण इलाकों में छात्र छात्राओं को काफी लाभ होगा। इससे उन्हें पढ़ाई करने में मदद मिलेगी। सुमन, नीलम, पुष्पा,विनोद, प्रिया, पूजा, अनीता इत्यादि छात्राओं ने सोलर स्टडी लैंप मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गांवों में बिजली की दिक्कत को देखते हुए सोलर लैंप मिलने से उन्हें रात में पढ़ाई करने में काफी सहूलियत होगी। आगामी परीक्षाओं में तैयारी करने में यह सोलर लैंप मददगार साबित होगा। इस अवसर पर राजेंद्र प्रजापति, संतोष सिंह, राजू शुक्ला, मनोज कुमार, नीलेश आदि रहे।