सोनभद्र। सीमेंट और रेडी मिक्स कंक्रीट की खरीद के नाम पर एक व्यक्ति से 1.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने कंपनी के नाम पर फर्जी बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करा लिए। ऑर्डर का माल न मिलने पर पीड़ित ने संपर्क किया तो ठगी की जानकारी हुई। उसने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रॉबर्ट्सगंज के विकासनगर निवासी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि वह निर्माण कार्य कराते हैं। उन्हें केंद्रीय विद्यालय सुल्तानपुर में निर्माण कार्य के लिए सीपीडब्ल्यूडी का टेंडर मिला है। निर्माण सामग्री की खरीदारी के लिए उन्होंने जस्ट डायल वेबसाइट पर सर्च किया तो एक मोबाइल नंबर मिला। इस पर संपर्क करने पर खुद को एक सीमेंट कंपनी का प्रतिनिधि अमित बताया गया। मोबाइल पर बातचीत के बाद व्हाट्सएप के जरिये कोटेशन भेजा गया और फिर पर्चेज ऑर्डर की मांग की गई। सभी औपचारिकताओं के बाद आरोपी अमित ने माल भेजने से पहले कुल रकम का 50 प्रतिशत अग्रिम भुगतान मांगा। पीड़ित ने 20 से 24 मार्च के बीच तीन बार में 70 हजार रुपये भेजे। यह खाता मुंबई में आईडीबीआई बैंक में हैं। तीन दिन तक माल न आने पर अमित ने अंकुश कुमार सिंह नामक व्यक्ति का नंबर देते हुए कहा कि कंपनी अकाउंट क्लोजिंग में है, इसलिए अब निजी खाते में भुगतान करना होगा। इस बार पीड़ित ने 27 मार्च को 50000 अंकुश के इंडियन बैंक अकाउंट और 40200 रुपये अंकुश के यूपीआई आईडी पर भेजे। इसके बाद दोनों मोबाइल नंबर बंद हो गए और पीड़ित का इनसे संपर्क टूट गया। जब पीड़ित ने सीमेंट कंपनी के टोल-फ्री नंबर पर संपर्क किया तो बताया गया कि कंपनी का ऐसा कोई खाता ही है। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। एसपी से मिलकर भी ज्ञापन सौंपा है।