घोरावल। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा घोरावल में कोविड 19 साप्ताहिक बंदी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान चार दुकानदार बंदी का उल्लंघन करते हुए अपनी दुकानें खोलकर सामानों की बिक्री करते हुए पाए गए। इन दुकानदारों से कुल दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
घोरावल नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी चैतन्य कुमार तिवारी ने बताया कि डीएम के निर्देश के अनुपालन में शनिवार को कोविड 19 बंदी का निरीक्षण किया गया। नगर पंचायत के कर्मचारीगण चंचल सिंह, संजय कुमार व महेंद्र कुमार द्वारा पूरे नगर पंचायत घोरावल में भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। इस दौरान चार दुकानदार साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन करते हुए पाए गए। नगर पंचायत द्वारा इन सभी चारों दुकानदारों वीरेंद्र मौर्या, श्याम, राजेंद्र, ओम साहू में से प्रत्येक पर पांच-पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया गया। ईओ चैतन्य कुमार तिवारी ने बताया कि कोविड-19 साप्ताहिक बंदी के तहत घोरावल नगर में सप्ताह में पांच दिन सोमवार, मंगलवार, बुधवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार तक बाजार खोलने का आदेश है, जबकि शनिवार व रविवार को बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे। जो भी दुकानदार साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन कर शनिवार व रविवार को दुकानें खोलेगा, उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाएगी।