दुद्धी। स्थानीय कस्बे के रामनगर रेलवे गेट संख्या 63 पर शुक्रवार की रात तेज रफ्तार बाइक से गिरने से एक युवक की मौत हो गई। उसके तीन अन्य साथी घायल हुए। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। किसी ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।
दुद्धी कस्बा के रेलवे गेट पर दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। दोनों पटरियों के बीच में बड़े गड्ढे से तेजी से निकलने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में डुमरडीहा निवासी मानदेव (20) पुत्र रामजीत, राहुल (15) पुत्र राजेंद्र, पिपरीडीह निवासी दिनेश (19) पुत्र जयप्रकाश व श्याम (18) पुत्र रामसिंह घायल हो गए। आनन-फानन सभी को दुद्धी सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से भी सभी को वाराणसी भेज दिया गया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दिनेश (19) की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।