बभनी क्षेत्र के संवरा गांव में बारिश से गिरा रवि का कच्चा घर। संवाद
बभनी (सोनभद्र)। क्षेत्र में चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ग्रामीणों के लिए बड़ी आफत बन चली है। बभनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बभनी स्थित घसिया बस्ती में बुधवार रात तीन कच्चे मकान ढह गए। वहीं संवरा गांव में भी एक मकान का कमरा गिर गया। इस प्राकृतिक आपदा के कारण गरीब और मजदूर परिवारों के सामने रहने और गृहस्थी का सामान बचाने का संकट खड़ा हो गया है। घसिया बस्ती में बुधवार रात एक बेसहारा बुजुर्ग महिला धनेशरी (पत्नी हूरहू) का कच्चा मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया और बगल का कमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी बस्ती के रामजीत के घर के बाहर बना कमरा धराशायी हो गया, जिससे उसकी सीमेंट की छत टूट गई। वहीं, रामलाल के घर के एक कमरे की छत भी बुधवार रात भरभराकर गिर गई। पीड़ित परिवार ने तिरपाल और प्लास्टिक लगाकर किसी तरह बची हुई दीवारों और गृहस्थी को भीगने से बचाने का प्रयास किया है। ग्रामीणों के मुताबिक, घसिया बस्ती में बारिश के कारण पहले भी दो घर गिर चुके हैं। अब तीन और मकानों के गिरने से पूरी बस्ती में खौफ का माहौल है। लगातार पानी भरने से कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो चुकी हैं, जिससे लोगों को रात भर जागकर अनहोनी का डर सताता रहता है।दूसरी ओर, संवरा ग्राम पंचायत में रवि का मकान गिर गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर रवि की बकरी मर गई, जबकि घर में रखे बर्तन और अन्य सामान भी नष्ट हो गए। अब इस परिवार के सामने सिर छुपाने की जगह नहीं बची है। घटना की आधिकारिक सूचना ग्राम प्रधान और लेखपाल को दे दी गई है। घसिया टोला निवासी लाल बाबू सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल रहने की व्यवस्था और उचित आर्थिक सहायता (मुआवजा) उपलब्ध कराने की मांग की है।