स्थानीय डिग्री कालेज चौराहे पर बुधवार की शाम करीब सात बजे अज्ञात कार सवारों ने स्कार्पियो सवारों पर फायरिंग कर दी। इसमें एक बालिका समेत चार लोग घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। थाना पुलिस घायलों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ प्रवीण कुमार यादव का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए तलाशी शुरू करा दी गई है। घटना के वजह की जानकारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ओबरा के रहने वाले खनन व्यवसायी डॉ. बृजेश कुमार यादव, एक बालिका और दो अन्य व्यक्तियों के साथ स्कार्पियो से किसी काम से शाम करीब सात बजे ओबरा डिग्री कालेज चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कार पर सवार बदमाशों ने अचानक डॉ. बृजेश की कार पर फायरिंग शुरू कर दी, इसके बाद वे फरार हो गए। फायरिंग में डा. बृजेश (38) पुत्र स्व. रामनारायण, वाहन चालक चंद्रमा (35), चंदन कुमार (30) और चंद्रमा की बेटी श्रुति (5) को गोली लगी है। बृजेश को बायीं ओर सीने पर, चंद्रमा को दाहिने कंधे, चंदन को दाहिन हाथ और श्रुति को चेहरे पर गोली लगी है। हमलावरों के फरार होने के बाद फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर सीओ प्रवीण कुमार समेत थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से भी उन्हें प्राथमिक उपचार कर वाराणसी के लिए रेफर किया गया। बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त दरोगा रामनारायण यादव की हत्या कर दी गई थी। उस आरोप में तब पुलिस ने उनके बेटे डा. बृजेश को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। बृजेश जमानत पर छूटकर आए हैं। घटना को उसी से जोड़कर देखे जाने की चर्चा रही।