सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटनाएं सिंगरौली के बैढ़न, माड़ा, सरई, कचनी, मुढ़ी व दुधमनिया में घटी।
बुधवार की शाम साढ़े तीन बजे माड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मुढ़ी में धनहरा के पास सड़क के किनारे रखे नल-जल योजना के पाइप में टकराने से बाइक सवार अभिनरेश सिंह गोंड (18) निवासी रंपा और राजपाल सिंह (20) निवासी गांव धरी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
माड़ा टीआई शिव पूजन मिश्रा ने बताया कि दोनों मृतक लंघाडोल की ओर जा रहे थे। बाइक अनियंत्रित होकर नल जल के पाइप से टाकरा कर दुर्घटना ग्रस्त हो गई। इससे पूर्व सरई थाना क्षेत्र के ग्राम दुधमनिया में सुबह 11 बजे तेज रफ़्तार बाइक ने बुजुर्ग गंभीर प्रजापति (60) निवासी दूधमनिया को टक्कर मार दिया।
हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। बाइक चालक रोशन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र ग्राम कचनी के दसौती गांव में मंगलवार की रात हुई। यहां खुटार गांव के निवासी मुकेश कुमार शाह (30) बरात में आया था। बरात के किसी बोलेरो के गेट पास खड़ा था। इसी दौरान तेज गति से गुजर रहे बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश की मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।