सोनभद्र। दीपावली पर घर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए सोनभद्र डिपो ने चार बसें बढ़ाई हैं। ये बसें अमलोरी-गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़ रूट पर चलाई जा रही हैं। पहले सोनभद्र डिपो की 47 बसें चलती थीं लेकिन चार बसें बढ़ने के बाद इनकी संख्या अब 51 हो गई है। दीपावली का अवकाश होने पर स्थानीय परियोजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोग अपने घरों को रवाना हुए।
दीपावली पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज की चार बसें बढ़ाई गई हैं जो अमलोरी-गोरखपुर वाया वाराणसी, अमलोरी वाराणसी आजमगढ़ वाया गोरखपुर पर चलाई जा रही हैं। इसके अलावा काशी की 16, विंध्यनगर की 40, मिर्जापुर की 16, जीरो रोड डिपो की आठ और चंदौली डिपो की तीन बसें जिले के होकर गुजर रही हैं। बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को काफी सहूलियत हुई है। रोडवेज बसों में धनतेरस की अपेक्षा छोटी दिवाली पर कम यात्री निकले। इससे बसों में भीड़ कम रही।
चुनार निवासी एनसीएल कर्मी रंजीत सिंह ने बताया कि वे जयंत से अपने घर जा रहे हैं। बस में भीड़ न होने से कोई दिक्कत नहीं है। बिहार के सासाराम निवासी अजीत और वाराणसी निवासी नीरज का कहना है कि वे दोनों ओबरा पावर प्लांट में कार्यरत हैं। दिवाली के अवकाश पर घर जा रहे हैं। ओबरा में रोडवेज की बस न मिलने से वे प्राइवेट वाहन से चोपन पहुंचे। चोपन से रोडवेज बस से आ रहे हैं। रोडवेज बस पकड़ने के लिए एक घंटा इंतजार करना पड़ा। अनपरा औड़ी मोड़ से झांसी अपने घर जा रहे रामभरोसे अनपरा से रेणुकूट तक सड़क गड्ढों में तब्दील होने से यात्रा करने में दिक्कत हो रही है। अनपरा में बस समय से मिल गई थी।
वर्जन-
धनतेरस से चार बसें बढ़ाई गई हैं, जो लंबे रूट पर संचालित की जा रही हैं। यात्रियों की मांग पर भी बस भेजी जा रही है, ताकि यात्री सुगमता से घर पहुंच सकें। इस समय सोनभद्र डिपो की 51 बसें विभिन्न रूटों पर चलाई जा रही हैं। - एके सिंह, एआरएम, सोनभद्र डिपो।