करमा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में मंदिर की दीवार पर की गई पेशाब करने के मामले में मंगलवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद सभी का चालान कर दिया गया। एक और आरोपी की तलाश जारी है। वहीं पांच नाबालिग आरोपियों के मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बताते चलें कि बहेरा गांव में रविवार की रात समुदाय विशेष के किशोरों ने मंदिर की दीवार पर पेशाब कर दिया था। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। जैसे ही इसकी जानकारी एसपी अभिषेक वर्मा को मिली उन्होंने एएसपी मुख्यालय अनिल कुमार को और सीडीओ जागृति अवस्थी ने एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव को मौके पर भेजा। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। लोगों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। अतिक्रमण की शिकायत पर तत्काल राजस्व टीम गठित कर कार्रवाई कराई गई। वहीं प्रकरण में बहेरा निवासी अरविंद श्रीवास्तव की तहरीर पर आपत्तिजनक हरकत करने वाले पांच नाबालिगों और उन्हें इसके लिए प्रेरित करने के आरोपी सद्दाम, जलालुद्दीन, अबरार हुसैन, बबलू और बोड़र के खिलाफ करमा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि सद्दाम, जलालुद्दीन, बबलू और बोड़र को मंगलवार को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उनका न्यायालय के लिए चालान कर दिया। अबरार की तलाश जारी है। जो आरोपी नाबालिग हैं, उनके मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।