सोनभद्र। डीएम एस. राजलिंगम के निर्देश पर बुुधवार को भी बगैर परमिट के ही चल रहे बालू-गिट्टी लदे वाहनों की चेकिंग जारी रही। इस दौरान जहां 89 वाहनों का ओवरलोड में चालान किया गया। वहीं बगैर परमिट और ओवरलोड वाहनों को बैरिकेडिंग हटाकर पास कराने की कोशिश कर रहे चार पासरों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सर्वेयर एसके पाल की तरफ से उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
एसडीएम ओबरा, सीओ ओबरा पुलिस फोर्स के साथ लोढ़ी टोल प्लाजा पर बगैर परमिट गिट्टी-बालू ले जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। डीएम कार्यालय के मुताबिक, इस दौरान जहां 89 वाहन ओवरलोड पकड़े गए। वहीं कुछ गाड़ियां बगैर परमिट के पाई गईं। खान सर्वेक्षक एसके पाल की तहरीर के मुताबिक जांच के दौरान ही सिकंदर सिंह निवासी प्रतापपुरम कालोनी राबर्ट्सगंज, कुनाल सिंह निवासी आटो एजेंसी कैथी राबर्ट्सगंज, मारकंडेय सिंह निवासी वार परसौना, संदीप सिंह निवासी प्रभापुरम आर्य नगर राबर्ट्सगंज अपने निजी वाहन से पहुंचे और टोल प्लाजा के लेन संख्या तीन पर लगाए गए बैरिकेडिंग को हटाते हुए बगैर परमिट वाले एवं ओवरलोड वाहनों को भगाने का प्रयास करने लगे। इस पर उन चारों लोगों को पकड़कर मय वाहन कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। इसके बाद उक्त चारों व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।