सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में जरहां के नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य राम विचार गोंड़ और उनके समर्थकों पर हमला करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को बीजपुर थाने की पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का चालान कर दिया।
चार दिन पूर्व लोढ़ी स्थित कलक्ट्रेट के समीप मनबढ़ों ने जरहां के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य राम विचार गोंड़ और उनके समर्थकों पर हमला कर दिया था। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए थे। पीड़ित जिला पंचायत सदस्य ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि विपक्षी गणों ने उसका प्रमाण पत्र छिन कर फाड़ने का भी प्रयास किया। बीजपुर थाना क्षेत्र के सिरसोती गांव निवासी एवं जरहा के जिला पंचायत सदस्य राम विचार गोड़ की तहरीर पर केदार पनिका, जसवंश उर्फ पंजाबी पनिका निवासीगण सेवाकाडाड़ थाना बीजपुर, मान सिंह गोंड़, विनोद गोंड़ निवासीगण एनटीपीसी थाना बीजपुर के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई।
विवेचक जितेंद्र कुमार ने बताया कि बीजपुर थानाध्यक्ष देवतानंद जिला पंचायत सदस्य पर हमला करने के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान कर दिए है। उन्होंने कहा कि विवेचना जारी है।