खलियारी। कोन थाना क्षेत्र के रानीडीह पुलिस चौकी के प्रांगण में बुधवार को श्रीराम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। गांव के वयोवृद्ध रामनरायन की अध्यक्षता में नगवां ब्लॉक प्रमुख प्रवीण कुमार सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण पूर्ण होने के बाद एक यादगार सदैव रहेगा कि जिस दिन प्रधानमंत्री अयोध्या में रामचंद्र जी के मंदिर निर्माण की आधारशिला रखे थे उसी स्वर्णिम दिन नक्सल प्रभावित आदिवासी वनवासी क्षेत्र में स्थित रानीडीह पुलिस चौकी के प्रांगण में राम-सीता व हनुमान जी की मूर्ति स्थापित करने के लिए मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस दौरान चौकी प्रभारी विनीत सिंह, अजय सिंह, पूर्व प्रधान छोटेलाल, अध्यापक सुरेंद्र सिंह, रामखेलावन चेरो, जगत सिंह, अजय बैठा, बीरवल चेरो मौजूद रहे।