सोनभद्र/केकराही। करमा थाना अंतर्गत अतरौलिया गांव में सर्पदंश से पूर्व बीडीसी सदस्य की मौत के बाद बृहस्पतिवार को घर के सदस्यों ने हंगामा किया। जिला अस्पताल के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। पोस्टमार्टम कराए बिना शव देने की मांग की। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
अतरौलिया गांव निवासी चंद्रशेखर की पत्नी चंद्रकला देवी (37) गांव की बीडीसी सदस्य रह चुकी थी। वह बुधवार की दोपहर में घर में जमीन पर सोई थीं। उन्हें सांप ने डस लिया। कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ने लगी। आनन फानन घर वाले झाड़-फूंक के लिए ले गए। वहां से राहत न मिलने पर निजी अस्पताल गए, मगर डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने मेमो के जरिये पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद घर वाले पुलिस से शव मांगने लगे। वे पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं थे। इन्कार करने पर जिला अस्पताल के सामने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर बैठ गए। इससे हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। किसी तरह रास्ता खाली कराया। बाद में उन्हें शव सौंप दिया गया। ग्राम प्रधान आलोक मिश्रा ने बताया कि चंद्रकला क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुकी थीं।