रेणुकूट। मुर्धवा के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य व नगर के चर्चित नेता अजय राय को बुधवार की देर शाम पिपरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर अदालती कार्रवाई में व्यवधान डालने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद लोगों में आक्रोश है। गिरफ्तारी के मूल में एक औद्योगिक कंपनी के विरोध को कारण बताया जा रहा है।
गत दो फरवरी को रेणुकूट नगर के शिवापार्क इलाके में अदालत के आदेश पर कार्रवाई करने पहुंचे अमीन और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से एक झोपड़ी ढहाई गई थी। झोपड़ी स्वामी बाबूलाल यादव का कहना था कि उनका कोई भी मामला कोर्ट में नहीं है। जिस मामले में कार्रवाई की गई है, वह उनके पड़ोसी से जुड़ा है, लेकिन नियमविरुद्ध ढंग से पड़ोसी की जगह उनकी झोपड़ी पुलिस की मौजूदगी में ढहाई गई। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया था। बाद में कार्रवाई को बीच में ही रोककर टीम लौट गई थी। इसी प्रकरण में पुलिस ने नगर में स्थापित एक निजी कंपनी के सुरक्षाकर्मी अशोक कुमार की तहरीर पर 13 फरवरी को अजय राय, कमलेश जायसवाल, दीपेश जायसवाल, शंकर लाल सहित 50 लोगों पर कोर्ट की कार्रवाई में व्यवधान डालने के आरोप में केस दर्ज किया था। बुधवार की देर शाम पिपरी प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने इसी मामले में पूर्व बीडीसी सदस्य अजय राय को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद लोगों ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई। पुलिस ने इस पर पैनी नजर है। वहीं अजय राय का कहना था कि व्यापारियों और स्थानीय लोगों का अहित नहीं होने दिया जाएगा। इसके बदले जो भी उत्पीड़न सहना पड़े।
नाटकीय अंदाज में पुलिस ने किया अजय राय को गिरफ्तार
रेणुकूट। बुधवार की देर शाम अजय राय को स्थानीय पुलिस ने नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि दो लोगों के विवाद के मामले में अजय राय रेणुकूट पुलिस चौकी पहुंचे थे। वहीं प्रभारी निरीक्षक अजय राय को देखकर बिफर पड़े। मौजूद पुलिसकर्मियों को आदेश देकर उन्हें पुलिस की गाड़ी में बैठा कर पिपरी थाने ले गए जहां सुरक्षाकर्मी अशोक कुमार सिंह की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में उनका चालान कर दिया।