ओबरा के शारदा मंदिर के बाइक दुघर्टना में वन दरोगा की मौत घटना स्थल का निरीक्षण करते एसपी आशीष श्र?
- फोटो : SONBHADRA
ओबरा बग्घानाला रोड पर शारदा मंदिर के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइकसवार ओबरा वन प्रभाग में वन दरोगा के पद पर तैनात तेज प्रताप सिंह की मौत हो गई। वाहन उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार तेज प्रताप सिंह (55) पुत्र सुभकरन सिंह निवासी हरैया आजमगढ़ किसी काम से शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे के आसपास बाइक से चोपन जा रहे थे। शारदा मंदिर से कुछ दूरी पर वह किसी वाहन की चपेट में आ गए जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। तेज प्रताप अपने पीछे पत्नी दो पुत्री और दो पुत्र छोड़ गए हैं। इस समय उनकी बड़ी बेटी के रिश्ते की बात चल रही थी। सूचना पर परिवार आजमगढ़ से रवाना हो चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार वन सुरक्षा दल के सदस्य रहे तेज प्रताप सिंह को धमकियां मिल रहीं थीं। इस संबंध में उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों को अवगत भी कराया था। उधर दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को घटना की बारीकी से जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। एसपी आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि मृतक के घरवालों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कोर रेंज के वन दरोगा की सूचना पर पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।