सलखन। कैमूर वन्य जीव विहार क्षेत्र के गुरमा रेंज में अवैध बालू खनन में मिलीभगत के आरोप में मुख्य वन संरक्षक ने वन दरोगा जय प्रकाश वर्मा और वन रक्षक उदय बहादुर कुशवाहा को निलंबित कर दिया है।
कैमूर वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ आशुतोष जायसवाल ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही मिले हैं। इस पर वन रक्षक को निलंबित कर दिया है। साथ ही वन दरोगा के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य वन संरक्षक के यहां संस्तुति की गई थी। इस पर मुख्य वन संरक्षक ने वन दरोगा को निलंबित कर दोनों को प्रभाग कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि 31 जुलाई को उनके व्हाट्सएप पर अवैध खनन की कुछ तस्वीरें भेजी गईं थीं। साथ ही वीडियो भी भेजा गया था। जिसकी उन्होंने अपने स्तर से जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया वन रक्षक और वन दरोगा दोनों के खिलाफ आरोप सही मिले हैं। डीएफओ ने बताया कि दोनों के खिलाफ जांच की जिम्मेदारी प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी को सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।