सर्दी सितम जारी है। सोमवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं बढ़ सका। पिछले 10 वर्षों में यह पहली बार है, जब पांच जनवरी को अधिकतम तापमान इतना कम है।
रात का पारा भी 6.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले 30 दिसंबर की रात 6 डिग्री तापमान था। सर्दी का आलम यह था कि दोपहर बाद धूप खिलने के बाद भी लोग कांपते रहे। शीतलहर और गलन ने बेहाल रखा।
तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। एक जनवरी को अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद से पारा में गिरावट जारी है। अमूमन हर रोज धूप निकल रहा है, फिर भी ठंड का असर कम नहीं हो रहा।
रविवार को 18.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री था। सोमवार को दोनों ही पारे में गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 15.8 डिग्री आ गया तो रात का पारा पांच डिग्री लुढ़ककर 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।
दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहे। इसके बाद धूप खिलने पर सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद रही, लेकिन मायूसी हाथ लगी। बर्फीली हवा के झोंके से लोग ठिठुरते नजर आए। स्वेटर, जैकेट, टोपी, जूता-मोजा से पूरा शरीर ढकने के बाद भी ठंडी का असर कम नहीं हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि इस सीजन में अब तक दिन का तापमान 15.8 डिग्री तक नहीं आया था। इससे पहले 21 दिसंबर और 3 जनवरी को अधिकतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। दोनों ही दिन धूप नहीं हुई थी। वहीं सोमवार को धूप के बाद भी तापमान 15.8 डिग्री से ऊपर नहीं पहुंच पाया।
पिछले दस साल में पांच जनवरी का तापमान::
वर्ष: अधिकतम: न्यूनतम
2017: 23.0: 06.9
2018: 21.4: 05.0
2019: 28.0: 13.0
2020: 19.4: 10.0
2021: 24.8: 11.2
2022: 25.0: 07.0
2023: 17.0: 04.0
2024: 19.0: 14.0
2025: 21.0: 08.4
2026: 15.8: 06.5
(नोट: आंकड़े डिग्री सेल्सियस में हैं।)